UP में सपा के गढ़ से ‘संविधान बचाओ देश बचाओ’ रैली का कांग्रेस ने किया आगाज, बनी रणनीति

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान बचाओ रैली ’ का किया आगाज पूरे प्रदेश में संविधान बचाओ रैली का होगा आयोजन..

Vedprakash Chaudhary
  • Apr 28 2025 4:24PM
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया है। बस्ती में ''संविधान बचाओ रैली'' की पूर्व संध्या पर मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और संविधान को बदलने की साजिश रच रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई में पूरी ताकत से मुकाबला करेगी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा लोकतांत्रिक नहीं बल्कि तानाशाही वाली है। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान करने और विपक्षी नेताओं को केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से दबाव में लाने का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "हम गांधी के सिपाही हैं, जो अंग्रेजों से नहीं डरे, वे इन तानाशाहों से भी नहीं डरेंगे। हम लड़ेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों की ताकत दिखाएंगे।"
बस्ती से ''संविधान बचाओ रैली'' की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि पूरे प्रदेश में ''संविधान बचाओ रैली'' आयोजित की जाएगी, जिसकी शुरुआत 28 अप्रैल को बस्ती जिले के बस्ती क्लब मैदान से हुई। यह रैली सुबह 11 बजे से शुरू हुई , जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम जनता  शामिल हुए।

बस्ती के बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद राजधानी लखनऊ में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाती रही है। पिछले कुछ वर्षों में, कांग्रेस ने संसद से लेकर सड़कों तक भाजपा के खिलाफ कई प्रदर्शन किए हैं। ''संविधान बचाओ रैली'' इसी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जनता को संविधान की मूल भावना के प्रति जागरूक करना और भाजपा की कथित नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार करना है।

कांग्रेस का दृष्टिकोण:
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में लोकतंत्र तभी मजबूत रह सकता है जब संविधान की मूल भावना और संस्थाओं की स्वतंत्रता बनी रहे। इसी संदेश के साथ कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की तैयारी की है।
बस्ती जिले में पांच विधानसभा सीटों में से तीन पर समाजवादी पार्टी (सपा) का कब्जा है, और बस्ती संसदीय क्षेत्र में भी सपा ने 2024 के चुनाव में जीत हासिल की थी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यक्रम संयोजक, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बसंत चौधरी के नेतृत्व में आयोजित ''संविधान बचाओ रैली'' में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश सचिव सत्य नारायण पटेल और कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और विधायक हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिए ।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए तहसील, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ''संविधान बचाओ रैली'' को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है और गांव-गांव जाकर व्यापक संपर्क किया है। उन्होंने दावा किया कि यह प्रदेश स्तरीय ''संविधान बचाओ रैली'' ऐतिहासिक होगी।
0 Comments

संबंधि‍त ख़बरें

ताजा समाचार